बॉम्बे हाई कोर्ट ने तिरंगे के अपमान के आरोप में दर्ज आपराधिक मामला एक 85 वर्षीय व्यक्ति के खिलाफ रद्द करते हुए कहा है कि जिस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज उल्टा फहराया गया था, वहाँ केवल उपस्थित होना Prevention of Insults to National Honour Act के तहत अपराध नहीं बनता, जब तक कि अपमान का स्पष्ट इरादा सिद्ध न हो।
जनवरी 2017 में तिलक नगर पुलिस स्टेशन में एक एफआईआर दर्ज की गई थी, जब पुलिस गश्त के दौरान एक हाउसिंग सोसाइटी में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में तिरंगा उल्टा फहराया हुआ पाया गया।
एफआईआर में आरोप लगाया गया कि सोसाइटी के कुछ निवासी, जिनमें याचिकाकर्ता भी शामिल थे, समारोह में उपस्थित थे। हालांकि, किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध ध्वज फहराने की विशिष्ट भूमिका का उल्लेख नहीं किया गया था।
85 वर्षीय याचिकाकर्ता ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर कहा कि उन्होंने ध्वज नहीं फहराया था और वे केवल समारोह में उपस्थित थे। उन्होंने अपनी आयु और आयु-संबंधी बीमारियों का भी उल्लेख किया।
न्यायमूर्ति अश्विन भोबे की एकल पीठ ने पाया कि एफआईआर में केवल याचिकाकर्ता की उपस्थिति का उल्लेख है और यह नहीं दर्शाया गया है कि उन्होंने तिरंगा फहराया या प्रदर्शित किया था।
न्यायालय ने कहा:
“रिकॉर्ड पर ऐसा कोई सामग्री नहीं है जिससे यह दर्शाया जा सके कि याचिकाकर्ता के किसी कृत्य का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करना या उसके सम्मान को ठेस पहुँचाना था।”
पीठ ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का अपराध स्थापित करने के लिए mens rea अर्थात अपमान का इरादा आवश्यक है।
“भारतीय राष्ट्रीय ध्वज को अपमानित करने या उसके प्रति अनादर प्रदर्शित करने का आशय सिद्ध होना आवश्यक है।”
न्यायालय ने कहा कि जिस स्थान पर तिरंगा फहराया गया, वहाँ मात्र उपस्थित रहने से Prevention of Insults to National Honour Act के तहत अपराध नहीं बनता।
इन टिप्पणियों के साथ हाई कोर्ट ने 85 वर्षीय व्यक्ति के विरुद्ध कार्यवाही रद्द कर दी।

