सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कहा कि जोधपुर रेप केस में दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा के खिलाफ आसाराम की अपील पर शीतकालीन अवकाश के बाद सुनवाई की जाएगी। इस मामले में राजस्थान हाईकोर्ट ने आसाराम की दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा बरकरार रखी थी।
जस्टिस जेबी परदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की पीठ ने सुनवाई के दौरान इस बात का संज्ञान लिया कि आसाराम ने पैरोल की अवधि समाप्त होने के बाद 26 अक्टूबर को अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था।
पीठ ने कहा कि मामले की सुनवाई शीतकालीन अवकाश के तुरंत बाद की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट 4 जनवरी को दोबारा खुलेगा।
राजस्थान हाईकोर्ट ने बरकरार रखी थी उम्रकैद की सजा
राजस्थान हाईकोर्ट ने 27 मई को नाबालिग से रेप के मामले में आसाराम की दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा बरकरार रखी थी। हालांकि, हाईकोर्ट ने उसे सामूहिक दुष्कर्म सहित कुछ अन्य आरोपों से बरी कर दिया था।
हाईकोर्ट ने आसाराम को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 376(D) और POCSO एक्ट की धारा 5(G)/6 के तहत लगाए गए आरोपों से बरी किया था। इसके अलावा, IPC की धारा 120(B) के तहत आपराधिक साजिश के आरोप से भी उसे मुक्त कर दिया गया था।
इससे पहले राजस्थान की ट्रायल कोर्ट ने 25 अप्रैल 2018 को आश्रम में एक नाबालिग छात्रा का यौन उत्पीड़न करने के मामले में आसाराम को दोषी ठहराया था। कोर्ट ने IPC, POCSO एक्ट और किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
सुप्रीम कोर्ट ने मंगाए थे ट्रायल कोर्ट के रिकॉर्ड
सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व में अपनी रजिस्ट्री को राजस्थान की ट्रायल कोर्ट से मामले के सभी रिकॉर्ड डिजिटल और भौतिक दोनों रूपों में मंगाने का निर्देश दिया था।
कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया था कि रिकॉर्ड की एक-एक प्रति याचिकाकर्ता, राज्य सरकार और पीड़िता को उपलब्ध कराई जाए।
गुजरात रेप केस में भी अपील लंबित
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि गांधीनगर में दर्ज 2013 के एक अन्य रेप केस में आसाराम की दोषसिद्धि और सजा के खिलाफ अपील गुजरात हाईकोर्ट में लंबित है।
इस मामले में गांधीनगर की एक अदालत ने 2023 में आसाराम को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। अदालत ने उसे 2001 से 2006 के बीच अहमदाबाद स्थित अपने आश्रम में एक शिष्या से बार-बार रेप करने का दोषी पाया था।
इस मामले में FIR वर्ष 2013 में दर्ज की गई थी।
इससे पहले 14 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती देने वाली आसाराम की याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया था, जिसमें बीमार पत्नी से मिलने के लिए जमानत देने से मना किया गया था।
आसाराम को जोधपुर और गांधीनगर में दर्ज दो अलग-अलग रेप मामलों में उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है। अब जोधपुर मामले में उसकी अपील पर सुप्रीम कोर्ट शीतकालीन अवकाश के बाद सुनवाई करेगा।
