अवध बार एसोसिएशन ने युवा अधिवक्ताओं को एसोसिएशन की सदस्यता प्रदान करने से पूर्व उनके पेशेवर कौशल और नैतिक आचरण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से तीन दिवसीय ‘नो योर बार एंड नो योर बेंच’ (Know Your Bar and Know Your Bench – KYB) कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया। अप्रैल 2026 के अंतिम सप्ताह में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में हाईकोर्ट के माननीय न्यायाधीशों और वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने नवागंतुक वकीलों को वकालत की बारीकियों और न्यायालय की गरिमा बनाए रखने के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।

अवध बार एसोसिएशन के महासचिव ललित तिवारी, अध्यक्ष पीटी एस. चंद्रा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा अटल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य युवा अधिवक्ताओं को न्यायिक परंपराओं से परिचित कराना था। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को वकालत के पेशे में भेषभूषा (ड्रेस कोड) का महत्व, वरिष्ठ अधिवक्ताओं के प्रति सम्मान, न्यायालय के भीतर मर्यादित व्यवहार, मुकदमों की गहन तैयारी और बहस करने के प्रभावी तरीकों के बारे में प्रशिक्षित किया गया।
प्रथम सत्र:
कार्यशाला के प्रथम चरण में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय वरिष्ठ न्यायमूर्ति श्री राजन राय जी और विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय न्यायमूर्ति श्री मंजीव शुक्ला जी उपस्थित रहे। इस दौरान वरिष्ठतम अधिवक्ता एस. के. कालिया, वरिष्ठ अधिवक्ता एच. जी. एस. परिहार और शरद पाठक ने युवाओं को संबोधित किया। प्रथम सत्र के सफल संचालन के लिए टीम 1 के सदस्य श्री हरिओम पांडेय, गौरव श्रीवास्तव, रंजना श्रीवास्तव, अजय सिंह, नीलिमा जयसवाल और राम सुफल यादव का विशेष सहयोग रहा।

द्वितीय सत्र (27 अप्रैल 2026):
KYB के दूसरे भाग में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय वरिष्ठ न्यायमूर्ति श्री अब्दुल मोइन जी और विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय न्यायमूर्ति श्री जसप्रीत सिंह जी व माननीय न्यायमूर्ति श्री सुभाष विद्यार्थी जी शामिल हुए। इस सत्र में वरिष्ठ अधिवक्ता एन. के. सेठ, आर. एस. पाण्डेय और गौरव मेहरोत्रा ने अधिवक्ताओं को मुकदमों की तैयारी के गुर सिखाए। इस सत्र के आयोजन में टीम 2 के सदस्य पवन सिंह, आशुतोष सिंह, आलोक त्रिपाठी, दिवाकर नाथ मिश्रा, कौशल मणि त्रिपाठी, निवेदिता गुप्ता, अंकित मिश्रा और पुष्पांजलि पाण्डेय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

तृतीय एवं समापन सत्र (29 अप्रैल 2026):
कार्यशाला के अंतिम दिन मुख्य अतिथि के रूप में माननीय वरिष्ठ न्यायमूर्ति श्री श्रीप्रकाश सिंह जी और विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय न्यायमूर्ति श्री सैयद कमर हसन रिजवी जी व माननीय न्यायमूर्ति श्री प्रशांत कुमार जी उपस्थित रहे। वरिष्ठ अधिवक्ता पूर्णेंदु चक्रवर्ती और अमरेंद्र नाथ त्रिपाठी ने युवा पीढ़ी को न्यायिक अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस सत्र के समन्वय में राघवेंद्र पांडेय, अंगद प्रसाद शुक्ला, आलोक त्रिपाठी, कौशल मणि त्रिपाठी, निवेदिता गुप्ता, श्वेता सिंह, अंकित मिश्रा और पुष्पांजलि पाण्डेय की टीम ने सराहनीय योगदान दिया।
महासचिव ललित तिवारी ने कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए संकल्प लिया कि अवध बार एसोसिएशन की गरिमा को सदैव उच्च स्थान पर रखा जाएगा। यह पूरी कार्यशाला ज्ञानवर्धन के लिए यूट्यूब पर भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि भविष्य में भी अधिवक्ता इससे लाभान्वित हो सकें।

