दिल्ली हाईकोर्ट ने गुरुवार को उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर एक आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ता के साथ कथित मारपीट के मामले में जवाब तलब किया है। याचिका में मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की गई है।
स्टेटस रिपोर्ट पर जवाब दाखिल करने का निर्देश
जस्टिस सचिन दत्ता ने याचिका पर सुनवाई करते हुए पुलिस और प्रवेश वर्मा को नोटिस जारी किया तथा दोनों पक्षों को स्टेटस रिपोर्ट पर अपना जवाब पेश करने के निर्देश दिए। हाईकोर्ट ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 17 नवंबर की तारीख तय की है।
स्वतंत्र जांच और सुरक्षा की मांग, विचारणीयता पर आपत्ति
यह याचिका साहिब सिंह नामक व्यक्ति ने दायर की है। उन्होंने कथित तौर पर हुए हमले की किसी स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने तथा अपने और अपने परिजनों के लिए पुलिस सुरक्षा प्रदान करने की मांग अदालत से की है। वहीं, अदालती कार्यवाही के दौरान प्रतिवादियों ने इस याचिका की विचारणीयता (मेंटेनेबिलिटी) पर आपत्ति दर्ज कराई।
सड़क निरीक्षण के दौरान हुआ था विवाद
यह पूरा मामला 27 सितंबर का है, जब पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा तिलक नगर इलाके में सड़क का निरीक्षण कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान मंत्री ने साहिब सिंह को थप्पड़ मार दिया। याचिकाकर्ता साहिब सिंह का कहना है कि वह तिलक नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह के सहयोगी हैं और उनके सोशल मीडिया का कामकाज संभालते हैं।

