इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) भर्ती 2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द करते हुए कहा है कि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट के आधार पर भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में अनारक्षित श्रेणी में शामिल होने का अधिकार है।
जस्टिस मनीष कुमार निगम ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) को प्रारंभिक परीक्षा का संशोधित परिणाम जारी करने, नए सिरे से मुख्य परीक्षा आयोजित करने और उसके आधार पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया है।
हाईकोर्ट ने आयोग के 9 जनवरी 2020 के कार्यालय ज्ञापन को भी रद्द कर दिया, जिसमें आरक्षित वर्ग के मेधावी अभ्यर्थियों को केवल अंतिम चयन के चरण में अनारक्षित श्रेणी में समायोजित करने का प्रावधान था। कोर्ट ने कहा कि आयोग के पास ऐसा नीतिगत निर्देश जारी करने की विधायी शक्ति नहीं है।
कोर्ट ने यह फैसला पंकज वर्मा और दो अन्य की ओर से दाखिल याचिका पर सुनाया।
अभ्यर्थियों के चयन को लेकर विवाद
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 16 सितंबर 2025 को सहायक अभियोजन अधिकारी के 182 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। इनमें 27 अनारक्षित, 67 अनुसूचित जाति (SC), नौ अनुसूचित जनजाति (ST), 61 अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और 18 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के पद थे।
प्रारंभिक परीक्षा 22 मार्च 2026 को आयोजित हुई थी और इसका परिणाम 30 अप्रैल 2026 को घोषित किया गया था। मुख्य परीक्षा के लिए कुल 2,856 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था। मुख्य परीक्षा 28 से 30 जून 2026 के बीच आयोजित हुई थी।
सुनवाई के दौरान आयोग की ओर से दाखिल पूरक हलफनामों से पता चला कि OBC वर्ग के 321 और SC वर्ग के 43 अभ्यर्थियों ने अनारक्षित श्रेणी की कटऑफ से अधिक अंक प्राप्त किए थे।
इसके बावजूद आयोग ने वर्ष 2020 के कार्यालय ज्ञापन के आधार पर इन 364 अभ्यर्थियों को उनकी संबंधित आरक्षित श्रेणियों में ही रखा। इसके चलते आरक्षित वर्ग के अन्य 364 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शामिल होने के अवसर से वंचित रह गए।
याचिकाकर्ताओं ने दलील दी कि अनारक्षित श्रेणी को केवल सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों तक सीमित करना उनके लिए अलग से आरक्षण लागू करने जैसा है। उन्होंने इसे संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 तथा उत्तर प्रदेश लोक सेवा (अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और अन्य पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण) अधिनियम, 1994 की धारा 3(6) का उल्लंघन बताया।
अनारक्षित श्रेणी केवल सामान्य वर्ग के लिए नहीं
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि अनारक्षित श्रेणी मेरिट के आधार पर सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए खुली है। इसे केवल सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित नहीं माना जा सकता।
कोर्ट ने कहा कि यदि आरक्षित वर्ग के किसी अभ्यर्थी ने सामान्य वर्ग की कटऑफ से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, तो केवल उसके आरक्षित वर्ग से संबंधित होने के आधार पर उसे चयन प्रक्रिया से बाहर करना गंभीर भेदभाव होगा। संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 के तहत ऐसा भेदभाव स्वीकार्य नहीं है।
हाईकोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि मेरिट के आधार पर अनारक्षित श्रेणी में समायोजन का सिद्धांत भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में लागू होगा। इसे केवल अंतिम चयन तक सीमित नहीं किया जा सकता।
दोबारा होगी मुख्य परीक्षा
हाईकोर्ट ने इससे पहले 28 सितंबर 2026 के अंतरिम आदेश के जरिए भर्ती के अंतिम परिणाम घोषित करने पर रोक लगा दी थी।
अब कोर्ट ने प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम और आयोग का 9 जनवरी 2020 का कार्यालय ज्ञापन रद्द करते हुए संशोधित परिणाम तैयार करने का निर्देश दिया है।
आयोग को संशोधित परिणाम के आधार पर पात्र अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर दोबारा मुख्य परीक्षा आयोजित करनी होगी और उसके बाद भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ानी होगी।
