इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) द्वारा एक पेट्रोल पंप की डीलरशिप समाप्त करने के आदेश को रद्द कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि ईंधन की बिक्री में हेराफेरी में डीलर की संलिप्तता विश्वसनीय साक्ष्यों से साबित किए बिना और अनिवार्य प्रक्रियाओं का पालन किए बगैर डीलरशिप समाप्त करना मनमाना और कानूनन अस्वीकार्य है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ के जस्टिस इरशाद अली ने अलीगंज सर्विस स्टेशन की याचिका स्वीकार करते हुए कॉर्पोरेशन को डीलरशिप बहाल करने और समझौते की वैध शर्तों के अधीन पेट्रोलियम उत्पादों की नियमित आपूर्ति शुरू करने का निर्देश दिया।
कोर्ट ने 3 जुलाई 2017 के डीलरशिप समाप्ति आदेश और तेल उद्योग के विवाद समाधान पैनल द्वारा पारित 24 मई 2019 के अपीलीय आदेश को रद्द कर दिया।
ईंधन की घटतौली का आरोप
पेट्रोल पंप वर्ष 1990 से संचालित था। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने 5 मई 2017 को किए गए संयुक्त निरीक्षण के बाद इसकी डीलरशिप समाप्त कर दी थी। निरीक्षण के दौरान चार डिस्पेंसिंग यूनिटों में कथित तौर पर अतिरिक्त उपकरण लगे पाए गए थे।
इसके अलावा, गिलबार्को वीडर-रूट कंपनी की एक मशीन के नोजल से पांच लीटर ईंधन की बिक्री में 150 मिलीलीटर की कथित घटतौली पाई गई थी।
विश्वसनीय साक्ष्यों का अभाव
हाईकोर्ट ने पाया कि चार डिस्पेंसिंग यूनिटों में अतिरिक्त उपकरण मिलने के आरोप के बावजूद बाट एवं माप विभाग की सील सुरक्षित थीं। इसके अलावा, कथित घटतौली केवल एक नोजल में पाई गई थी।
कोर्ट ने कहा कि कॉर्पोरेशन यह साबित करने में विफल रहा कि अतिरिक्त उपकरण डीलर ने लगाए थे या इन उपकरणों के कारण ईंधन की आपूर्ति में हेराफेरी हुई थी।
हाईकोर्ट ने कॉर्पोरेशन द्वारा प्रस्तुत प्रयोगशाला जांच रिपोर्टों की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए। कोर्ट ने पाया कि मशीनों की जांच डीलरशिप समाप्त करने के बाद की गई थी। कुछ मशीनों की रिपोर्ट वास्तविक संचालन परीक्षण के बजाय मुख्य रूप से उन्हें देखकर किए गए निरीक्षण पर आधारित थीं।
अनिवार्य प्रक्रियाओं का नहीं हुआ पालन
हाईकोर्ट ने पाया कि विधिक माप विज्ञान (सामान्य) नियम, 2011 के तहत निर्धारित परीक्षण प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया था।
इसके अलावा, मार्केटिंग डिसिप्लिन गाइडलाइंस, 2012 के तहत डीलर को व्यक्तिगत सुनवाई का अनिवार्य अवसर भी नहीं दिया गया।
कोर्ट ने कहा कि विश्वसनीय साक्ष्यों से डीलर की संलिप्तता साबित किए बिना और अनिवार्य प्रक्रियाओं का पालन किए बगैर लगभग 27 वर्षों से संचालित डीलरशिप को समाप्त करना तथा सुरक्षा राशि जब्त करना मनमाना और कानूनन अस्वीकार्य है।
इसी आधार पर हाईकोर्ट ने दोनों आदेशों को रद्द करते हुए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन को पेट्रोल पंप की डीलरशिप बहाल करने और ईंधन की नियमित आपूर्ति शुरू करने का निर्देश दिया।
