कोल्लम जिले के एक ईसाई परिवार के आठ सदस्यों ने हिंदू धर्म में वापसी के लिए केरल हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। याचिकाकर्ताओं ने त्रावणकोर देवस्वम बोर्ड (TDB) और कोट्टारक्करा श्री महागणपति मंदिर प्रशासन को मंदिर में धर्म परिवर्तन की धार्मिक रस्म संपन्न कराने का निर्देश देने की मांग की है।
जस्टिस देवन रामचंद्रन और जस्टिस बसंत बालाजी की खंडपीठ ने गुरुवार को मामले की सुनवाई की और अगली सुनवाई के लिए 4 दिसंबर की तारीख तय की।
याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि मंदिर में मतपरिवर्तनम (धर्म परिवर्तन) एक स्वीकृत धार्मिक अनुष्ठान होने के बावजूद पिछले करीब पांच महीने से उनके आवेदनों पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
मौलिक अधिकारों के उल्लंघन का आरोप
याचिकाकर्ताओं ने दलील दी कि अधिकारियों की निष्क्रियता संविधान के अनुच्छेद 25 के तहत अंतरात्मा और धार्मिक स्वतंत्रता, अनुच्छेद 21 के तहत गरिमा और व्यक्तिगत स्वायत्तता तथा अनुच्छेद 14 के तहत समानता के अधिकार का उल्लंघन है।
उन्होंने इसे त्रावणकोर-कोचीन हिंदू धार्मिक संस्थान अधिनियम, 1950 की धारा 15A और 31 के तहत बोर्ड के वैधानिक दायित्वों का उल्लंघन भी बताया।
याचिका के अनुसार, परिवार के पूर्वज हिंदू धर्म की कुरवा जाति से थे। परिवार की पिछली पीढ़ी ने चर्च ऑफ साउथ इंडिया के तहत ईसाई धर्म अपना लिया था। अब याचिकाकर्ताओं ने बिना किसी दबाव, प्रलोभन या अनुचित प्रभाव के स्वेच्छा से अपने पूर्वजों के धर्म में लौटने का निर्णय लिया है।
परिवार ने यह भी बताया कि एक याचिकाकर्ता बुजुर्ग हैं और उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित हैं। उनकी इच्छा है कि वे अपने जीवनकाल में हिंदू धर्म में लौटें और उनका अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हो।
मंदिर सलाहकार समिति ने जताई आपत्ति
याचिकाकर्ताओं के अनुसार, मंदिर प्रशासन द्वारा धार्मिक अनुष्ठान कराने पर सहमति नहीं देने के बाद सभी सदस्यों ने 24 जून, 2026 को अलग-अलग आवेदन प्रस्तुत किए थे।
27 जून को मंदिर सलाहकार समिति ने प्रशासक को पत्र लिखकर दावा किया कि केंद्र और राज्य के कानूनों के तहत धर्म परिवर्तन प्रतिबंधित है। समिति ने आशंका जताई कि मंदिर में इस तरह का अनुष्ठान कराने से विवाद और कानूनी कार्यवाही हो सकती है, जिससे मंदिर की प्रतिष्ठा और आय प्रभावित होगी।
इसके बाद मंदिर प्रशासक ने सहायक देवस्वम आयुक्त से निर्देश मांगे। उन्होंने समिति के कुछ सदस्यों और स्थानीय निवासियों की आपत्तियों के साथ ईसाई संगठनों की संभावित शिकायतों का भी उल्लेख किया।
मामला बाद में देवस्वम बोर्ड के आयुक्त को भेजा गया। हालांकि, एक याचिकाकर्ता को सूचना के अधिकार (RTI) के तहत मिली जानकारी से पता चला कि बोर्ड ने रिपोर्ट पर कोई जवाब नहीं दिया है।
धर्म चुनने के अधिकार में तीसरे पक्ष का हस्तक्षेप स्वीकार्य नहीं: याचिकाकर्ता
परिवार ने दलील दी कि धार्मिक संगठनों की संभावित आपत्तियों के आधार पर किसी व्यक्ति की धार्मिक स्वतंत्रता को प्रतिबंधित नहीं किया जा सकता।
याचिकाकर्ताओं ने अधिकारियों की निष्क्रियता को हेकर वीटो (Heckler’s Veto) करार दिया। इसका अर्थ विरोध या विवाद की आशंका के आधार पर किसी व्यक्ति के मौलिक अधिकारों को सीमित करना है।
सुप्रीम कोर्ट के शक्ति वाहिनी बनाम भारत संघ मामले के फैसले का हवाला देते हुए याचिकाकर्ताओं ने कहा कि वयस्क व्यक्तियों को अपनी पसंद के अनुसार निर्णय लेने का अधिकार उनकी स्वतंत्रता और गरिमा का अभिन्न हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि देवस्वम बोर्ड किसी हिंदू धार्मिक अनुष्ठान को दूसरे धर्म के संगठनों की सहमति पर निर्भर नहीं कर सकता।
अनुसूचित जाति का दर्जा पुनः प्राप्त करने के लिए भी महत्वपूर्ण है अनुष्ठान
याचिकाकर्ताओं ने धर्म परिवर्तन की रस्म के कानूनी महत्व का भी उल्लेख किया।
उन्होंने दलील दी कि सुप्रीम कोर्ट के पूर्ववर्ती फैसलों के अनुसार, हिंदू धर्म में वापसी करने वाला व्यक्ति अपने पूर्वजों की अनुसूचित जाति का दर्जा पुनः प्राप्त कर सकता है। हालांकि, इसके लिए मूल जाति, वास्तविक धर्म परिवर्तन और संबंधित समुदाय की स्वीकृति साबित करना आवश्यक है।
परिवार के अनुसार, देवस्वम बोर्ड द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत कराया गया धार्मिक अनुष्ठान हिंदू धर्म में उनकी वास्तविक वापसी का विश्वसनीय प्रमाण होगा।
याचिकाकर्ताओं ने हाईकोर्ट से मंदिर प्रशासन और देवस्वम बोर्ड को धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराने का निर्देश देने की मांग की है।
मामले की अगली सुनवाई 4 दिसंबर को होगी।
