केरल हाईकोर्ट ने मंगलवार को राज्य वक्फ बोर्ड के पुनर्गठन के राज्य सरकार के फैसले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि नवगठित वक्फ बोर्ड पहले से कार्यरत है।
जस्टिस देवन रामचंद्रन और जस्टिस बसंत बालाजी की खंडपीठ वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष के एस हमजा और पूर्व सदस्य सी के उस्मान हाजी की अपीलों पर सुनवाई कर रही थी। दोनों ने एकल पीठ के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें बोर्ड के पुनर्गठन पर रोक लगाने से इनकार किया गया था।
राज्य सरकार ने पांच साल के कार्यकाल वाले पिछले वक्फ बोर्ड को महज आठ महीने में भंग कर दिया था। इसके खिलाफ हमजा और हाजी ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
17 अक्टूबर को एकल पीठ ने बोर्ड के पुनर्गठन पर रोक लगाने से इनकार करते हुए स्पष्ट किया था कि पुनर्गठन की वैधता संबंधित याचिकाओं के अंतिम फैसले पर निर्भर करेगी।
एकल पीठ ने दोनों की याचिकाओं को पूर्ववर्ती वक्फ बोर्ड की वैधता को चुनौती देने वाली लंबित जनहित याचिकाओं के साथ सूचीबद्ध करने का भी निर्देश दिया था।
हालांकि, 19 अक्टूबर को मुख्य न्यायाधीश सौमेन सेन की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने बोर्ड के पुनर्गठन के मद्देनजर उन जनहित याचिकाओं को खारिज कर दिया था।
मंगलवार को खंडपीठ ने पुनर्गठन में हस्तक्षेप से इनकार करते हुए हाईकोर्ट की रजिस्ट्री को हमजा और हाजी की मूल याचिकाएं उपयुक्त पीठ के समक्ष सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया।
वक्फ बोर्ड के पुनर्गठन के राज्य सरकार के फैसले की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाएं अभी हाईकोर्ट में लंबित हैं।
