“एक स्वर, एक संविधान”: संविधान दिवस पर उत्तर प्रदेश के 63 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने एक साथ किया उद्देशिका का पाठ

26 नवम्बर 2026: माननीय न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत, मुख्य न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय / मुख्य संरक्षक, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के संरक्षण, माननीय न्यायमूर्ति श्री विक्रम नाथ, न्यायाधीश, माननीय सर्वोच्च न्यायालय / कार्यपालक अध्यक्ष, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के नेतृत्व तथा माननीय न्यायमूर्ति श्री अरुण भंसाली, मुख्य न्यायाधीश, इलाहाबाद उच्च न्यायालय / मुख्य संरक्षक, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं माननीय न्यायमूर्ति श्री अरिंदम सिन्हा, वरिष्ठ न्यायाधीश, माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद / कार्यपालक अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कुशल मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा “संविधान संवाद योजना 2026” के अंतर्गत आज संविधान दिवस के अवसर पर “एक स्वर, एक संविधान” कार्यक्रम के तहत प्रदेश के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा प्रदेशव्यापी एक साथ सामूहिक उद्देशिका पाठ का आयोजन किया गया।

image 4

उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विद्यालयों में विधिक साक्षरता क्लबों के माध्यम से संवैधानिक साक्षरता अभियान एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता “संविधान संवाद” 43 दिनों तक, दिनांक 15 अक्टूबर से 26 नवम्बर 2026 तक चलाया गया, जिसका समापन संविधान दिवस पर हुआ। इस अभियान के दौरान 18,362 विधिक साक्षरता क्लबों की स्थापना की गई है तथा सभी विद्यालयों में संविधान कॉर्नर बनाया गया है। इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्देशिका, मौलिक अधिकारों, राज्य के नीति निर्देशक तत्वों एवं मौलिक कर्तव्यों, संविधान निर्माताओं के योगदान तथा निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत एवं नालसा हेल्पलाइन 15100 के प्रति जागरूक करना तथा प्रत्येक विद्यालय में विधिक साक्षरता क्लब को विधिक साक्षरता के स्थायी मंच के रूप में स्थापित करना है। “एक स्वर, एक संविधान” इसी योजना के अंतर्गत एक विशेष पहल है, जिसका उद्देश्य संविधान दिवस पर पूरे प्रदेश के विद्यार्थियों को एक स्वर में उद्देशिका का पाठ करने हेतु एक साथ जोड़ना तथा न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करना है।

ठीक प्रातः 9:00 बजे, एक समान समय संकेत पर, उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों के 30,319 विद्यालयों के 63,11,252 विद्यार्थियों ने एक साथ भारत के संविधान की उद्देशिका का हिन्दी में सस्वर पाठ किया। यह पाठ जनपद न्यायालय परिसरों तथा विद्यालय परिसरों में आयोजित हुआ। उद्देशिका पाठ के उपरांत मौलिक कर्तव्यों की शपथ दिलाई गई तथा निःशुल्क विधिक सहायता एवं नालसा हेल्पलाइन 15100 के विषय में संक्षिप्त जानकारी दी गई।

image 5

जनपद न्यायालय परिसरों में उद्देशिका पाठ का नेतृत्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिवों द्वारा जनपद न्यायाधीशों एवं न्यायिक अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया। अन्य सभी विद्यालयों में इसका नेतृत्व प्रधानाचार्य एवं विधिक साक्षरता क्लब के प्रभारी शिक्षक द्वारा किया गया। कुछ जनपदों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिवों एवं न्यायाधीशों ने भी विद्यालयों में पहुँचकर विद्यार्थियों के साथ उद्देशिका पाठ में प्रतिभाग किया। विद्यार्थी 50-50 के चिन्हित समूहों में खड़े हुए, जिनकी देखरेख एवं गणना एक-एक शिक्षक द्वारा स्टीवर्ड के रूप में की गई। प्रत्येक स्थल पर दो स्वतंत्र साक्षी उपस्थित रहे तथा साक्ष्य के रूप में निरंतर वीडियो, फोटोग्राफ एवं हस्ताक्षरित गणना पत्रक सुरक्षित रखे गए। अनेक स्थलों पर एक साथ सर्वाधिक लोगों द्वारा उद्देशिका का सस्वर पाठ कर इस आयोजन ने विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया, जिसे एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा मान्यता प्रदान की गई है।

माननीय न्यायमूर्ति श्री अरिंदम सिन्हा, कार्यपालक अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा इस अभियान में मौलिक कर्तव्यों पर विशेष बल दिया गया है। उनका मानना है कि अधिकारों से पहले कर्तव्यों का ज्ञान होना चाहिए, क्योंकि यही समझ विद्यार्थियों के चरित्र का निर्माण करती है और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया है कि वे उद्देशिका की भावना को अपने दैनिक जीवन में अपनाएँ, दूसरों के अधिकारों का सम्मान करें तथा ज़रूरतमंद लोगों को विधिक सेवा प्राधिकरणों के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता तक पहुँचाने में सहयोग करें।

दिन में आगे सभी विद्यालयों में संविधान विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रधानाचार्यों द्वारा अपने-अपने विद्यालयों में लीगल कैडेट कोर की घोषणा की गई तथा प्रदेश भर में कुल 77, 541 लीगल कैडेट कोर घोषित किये गये। प्रतियोगिता के परिणाम घोषित कर विजेताओं को पुरस्कार वितरित किया गया।

यह पहल जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के माध्यम से जिला विद्यालय निरीक्षकों, जिला प्रशासन एवं पुलिस के समन्वय से संचालित की जा रही है। विधिक साक्षरता क्लबों के सदस्यों ने 20 नवम्बर से प्रातःकालीन प्रार्थना सभाओं में उद्देशिका पाठ का अभ्यास कराया तथा आयोजन के दिन “संविधान मित्र” के रूप में अन्य विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

READ ALSO  धारा 34 आईपीसी | सामान्य इरादा घटना के वास्तविक घटित होने से एक मिनट पहले या घटना घटित होने के दौरान भी बन सकता है: सुप्रीम कोर्ट

प्राधिकरण द्वारा इस बात पर ज़ोर दिया गया कि विधिक साक्षरता क्लब एवं लीगल कैडेट कोर इस अभियान को एक दिवसीय आयोजन तक सीमित न रखकर एक सतत प्रयास के रूप में आगे बढ़ाएँगे। इनके माध्यम से विद्यार्थी संविधान के अनुच्छेद 39क एवं 51क(क) की भावना के अनुरूप अपने परिवारों एवं समाज में संविधान, मौलिक कर्तव्यों तथा निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूकता का प्रसार करेंगे।

Law Trend
Law Trendhttps://lawtrend.in/
Legal News Website Providing Latest Judgments of Supreme Court and High Court

Related Articles

Latest Articles