झारखंड हाईकोर्ट ने कहा है कि संथाल समुदाय की बेटियों को केवल पारंपरिक रीति-रिवाजों के आधार पर पिता की संपत्ति में उत्तराधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। बेटियों को संपत्ति के अधिकार से वंचित करने वाली ऐसी परंपराओं की पहले न्यायिक जांच होनी आवश्यक है।
मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने सोमवार को संपत्ति से जुड़े 41 साल पुराने विवाद में यह फैसला सुनाया।
हाईकोर्ट ने जामताड़ा जिले के तुर्का गांव में स्थित पूरी पैतृक संपत्ति पर एक संथाल महिला के स्वामित्व को मान्यता देने वाले प्रथम अपीलीय न्यायालय के फैसले को बरकरार रखा।
खंडपीठ ने कहा कि कुछ प्रचलित रीति-रिवाज अपने आप में किसी संथाल बेटी को उसके पिता की संपत्ति में हिस्सेदारी से वंचित करने का आधार नहीं हो सकते। उत्तराधिकार से वंचित करने वाली ऐसी परंपराओं की कानूनी वैधता की न्यायालय में जांच आवश्यक है।
यह विवाद वर्ष 1985 में शुरू हुआ था, जब महिला ने अपनी पैतृक संपत्ति पर स्वामित्व और कब्जे की मांग करते हुए वाद दायर किया था।
5 अक्टूबर 1996 को निचली अदालत ने महिला के दावे को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए विवादित संपत्ति के केवल एक-तिहाई हिस्से पर उसका स्वामित्व माना था।
इस फैसले के खिलाफ महिला ने प्रथम अपीलीय न्यायालय का रुख किया। 4 मार्च 2006 को अपीलीय न्यायालय ने निचली अदालत के फैसले में संशोधन करते हुए पूरी पैतृक संपत्ति पर महिला के स्वामित्व के दावे को स्वीकार कर लिया।
प्रतिवादियों ने वर्ष 2006 में इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।
अब हाईकोर्ट ने अपीलीय न्यायालय के फैसले को बरकरार रखते हुए विवादित संपत्ति पर महिला के स्वामित्व के अधिकार की पुष्टि कर दी है।
