उत्तराखंड हाईकोर्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम में कथित तौर पर हंगामा करने के मामले में कांग्रेस विधायक हरीश धामी और उनके सहयोगी मनोहर तोलिया की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।
जस्टिस पंकज पुरोहित की एकल पीठ ने गिरफ्तारी से संबंधित कानूनी प्रावधानों के कथित उल्लंघन को लेकर दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह आदेश पारित किया।
मामला 14 नवंबर की घटना से जुड़ा है, जब एक प्रमुख मेले में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में बोलने का अवसर नहीं मिलने पर धारचूला के विधायक हरीश धामी ने कथित तौर पर मंच पर रखे माइक्रोफोन और कुर्सियां फेंक दी थीं।
पुलिस ने 15 नवंबर को विधायक, उनके सहयोगी और कई अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।
गिरफ्तारी संबंधी कानूनी प्रावधानों के उल्लंघन का आरोप
एफआईआर रद्द करने और गिरफ्तारी से संरक्षण की मांग करते हुए याचिकाकर्ताओं ने कहा कि पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35 के तहत नोटिस दिए बिना चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
याचिकाकर्ताओं ने अर्नेश कुमार बनाम बिहार राज्य मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि सात वर्ष तक की सजा वाले अपराधों में गिरफ्तारी के लिए निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना आवश्यक है।
उन्होंने दलील दी कि आवश्यक नोटिस जारी किए बिना चार लोगों की गिरफ्तारी सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन है। अपनी गिरफ्तारी की आशंका के चलते उन्होंने हाईकोर्ट का रुख किया।
राज्य सरकार ने किया याचिका का विरोध
राज्य सरकार ने याचिका का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि विधायक और उनके सहयोगी ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बाधा डाली, मंच पर तोड़फोड़ की और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने हरीश धामी और मनोहर तोलिया की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी।
