अलीगढ़ कोर्ट परिसर में अधिवक्ता पर जानलेवा हमला, मुकदमा दर्ज, CCTV फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

अलीगढ़ के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित कोर्ट परिसर में एक अधिवक्ता पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। अधिवक्ता का आरोप है कि गुरुवार, 12 जून को फैमिली कोर्ट में सुनवाई के दौरान विपक्षी पक्ष ने उनकी गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की और मारपीट की। घटना की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही अधिवक्ता का चिकित्सकीय परीक्षण कराते हुए कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच भी शुरू कर दी गई है।

READ ALSO  POSH Act | दूसरे विभाग के कर्मचारी के खिलाफ भी जांच कर सकती है पीड़िता के कार्यस्थल की ICC: सुप्रीम कोर्ट

जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता सुरेश कुमार, पुत्र लाल सिंह, निवासी आजाद नगर (थाना जवां), 12 जून को फैमिली कोर्ट संख्या-1 में शनि बनाम परवीन वाद में परवीन की ओर से पेश हुए थे। इसी दौरान शनि पुत्र मदन सिंह और उसका ताऊ महेंद्र सिंह वहां पहुंचे और अधिवक्ता सुरेश कुमार के ऊपर जानलेवा हमला कर दिया।

तहरीर के अनुसार, आरोपियों ने सुरेश कुमार का गला दबाया और उनके कान पर जोरदार मुक्का मारा, जिससे उनकी सुनने की क्षमता प्रभावित हुई। जब अधिवक्ता ने शोर मचाया तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित अधिवक्ता सिविल लाइंस थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। थाना प्रभारी राजवीर परमार ने बताया कि अधिवक्ता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। जल्द ही कोर्ट परिसर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी, जिससे पूरी घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके।

READ ALSO  गैंगस्टर एक्ट: प्रक्रियात्मक नियमों का पालन अनिवार्य, सुप्रीम कोर्ट ने रद्द की FIR

पीड़ित अधिवक्ता ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Law Trend
Law Trendhttps://lawtrend.in/
Legal News Website Providing Latest Judgments of Supreme Court and High Court

Related Articles

Latest Articles