दिल्ली आबकारी घोटाला: ईडी की पूरक चार्जशीट में अब सांसद राघव चड्ढा का भी जिक्र

दिल्ली आबकारी घोटाला मामले में ईडी की ओर से राऊज एवेन्यू कोर्ट में दाखिल पूरक चार्जशीट में अब राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा का भी जिक्र आया है। ईडी की चार्जशीट के मुताबिक मनीष सिसोदिया के पीए सी. अरविंद ने अपने बयान में राघव चड्ढा का नाम लिया। सी. अरविंद ने बताया कि पूर्व उप-मुख्यमंत्री के सिसोदिया आवास पर एक बैठक हुई, जिसमें राघव चड्ढा, पंजाब के एक्साइज कमिश्नर, आबकारी अधिकारी और विजय नायर मौजूद थे।

ईडी ने अपनी चार्जशीट में कहा है कि समीर महेंद्रू ने अपने बयान में बताया कि के. कविता से उसकी मुलाकात 2022 की शुरुआत में हैदराबाद में उसके आवास पर हुई, जहां पर के. कविता के पति अनिल के अलावा समीर महेंद्रू, शरद रेड्डी, अरुण पिल्लई और अभिषेक बोइनपल्ली मौजूद थे। ईडी की चार्जशीट के अनुसार समीर महेंद्रू ने अपने बयान में कहा कि के कविता ने उसको बताया कि अरुण पिल्लई उसके परिवार के सदस्य जैसा है और वह के. कविता के साथ व्यापार करता है।

ईडी ने चार्जशीट में कहा है दिल्ली की नई आबकारी नीति केजरीवाल के दिमाग की उपज थी। विजय नायर आम आदमी पार्टी का महत्वपूर्ण सदस्य और आबकारी नीति को मैनेज कर रहा था। उसे आबकारी नीति को बनाने, उसको लागू करने और अवैध गतिविधियों के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया का समर्थन था। ईडी ने कहा है कि अरुण पिल्लई और अमनदीप ढल ने बड़े पैमाने पर डिजिटल साक्ष्य और सबूतों को नष्ट किया। अरुण पिल्लई ने घोटाले के दौरान पांच मोबाइल और अमनदीप ढल ने चार फोन का इस्तेमाल किया, जिसको ईडी बरामद नहीं कर पाई।

READ ALSO  SC to hear AAP leader Raghav Chadha's plea challenging suspension from Rajya Sabha

कोर्ट ने 1 मई को ईडी की ओर से दाखिल इस दूसरी पूरक चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। स्पेशल जज एमके नागपाल ने दूसरी पूरक चार्जशीट में बनाए गए सभी आरोपितों को 10 मई को कोर्ट में पेश होने के लिए समन जारी किया है। ईडी ने 6 अप्रैल को दूसरी पूरक चार्जशीट दाखिल की थी। ईडी ने दूसरी पूरक चार्जशीट में राजेश जोशी, राघव मगुंटा और गौतम मल्होत्रा को आरोपित बनाया है। तीनों न्यायिक हिरासत में हैं।

ईडी ने कोर्ट को बताया कि गौतम मल्होत्रा को 7 फरवरी, राजेश जोशी को 8 फरवरी और राघव मगुंटा को 10 फरवरी को गिरफ्तार किया था। ईडी ने कहा है कि करीब ढाई करोड़ रुपये पहले अमित अरोड़ा को और फिर दिनेश अरोड़ा को दिए गए। आखिरकार ये रकम आप नेताओं को दी गई। ईडी के मुताबिक आम आदमी पार्टी के कैंपेन को चलाने के लिए राजेश जोशी ने 77 लाख रुपये लिये। राजेश जोशी एक एडवरटाइजिंग कंपनी का प्रमुख था।

ईडी ने 6 जनवरी को दिल्ली शराब घोटाला मामले में पूरक चार्जशीट दाखिल की थी। चार्जशीट में 12 को आरोपित बनाया गया है। इसमें 5 व्यक्तियों और 7 कंपनियों के नाम हैं। चार्जशीट में ईडी ने जिन लोगों को आरोपित बनाया, उनमें विजय नायर, अभिषेक बोइनपल्ली, शरद चंद्र रेड्डी, विनय बाबू और अमित अरोड़ा शामिल हैं। इसके पहले कोर्ट ने 20 दिसंबर, 2022 को ईडी की ओर से दाखिल पहली चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। ईडी ने 26 नवंबर, 2022 को कोर्ट में पहली चार्जशीट दाखिल की थी।

हिन्दुस्थान समाचार

Law Trend
Law Trendhttps://lawtrend.in/
Legal News Website Providing Latest Judgments of Supreme Court and High Court

Related Articles

Latest Articles