इलाहाबाद हाई कोर्ट में छह नए जजों ने ली शपथ, कुल संख्या बढ़कर हुई 87

शुक्रवार सुबह 10 बजे इलाहाबाद हाई कोर्ट में आयोजित समारोह में मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली ने छह नए अतिरिक्त न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाई। शपथ लेने वाले सभी न्यायाधीश अब तक जिला जज के रूप में कार्यरत थे। जिन न्यायाधीशों ने शपथ ली, उनके नाम हैं: जितेन्द्र कुमार सिन्हा, अनिल कुमार (दशम), संदीप जैन, अवनीश सक्सेना, मदन पाल सिंह और हरवीर सिंह।

इस अवसर पर अन्य न्यायाधीशगण और बार एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण समारोह के चलते न्यायिक कार्यवाही सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुई।

READ ALSO  2020 दिल्ली दंगे: अदालत ने गलत आरोप पत्र दाखिल करने के लिए दिल्ली पुलिस को फटकार लगाई, तीन आरोपियों को बरी कर दिया

इन छह नए न्यायाधीशों के कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही इलाहाबाद हाई कोर्ट में कार्यरत न्यायाधीशों की कुल संख्या बढ़कर 87 हो गई है, जबकि स्वीकृत पदों की संख्या 160 है। इनमें से 23 न्यायाधीश लखनऊ खंडपीठ में पदस्थ हैं।

फिलहाल 86 न्यायाधीश ही करेंगे न्यायिक कार्य

इस समय 86 न्यायाधीश ही न्यायिक कार्य कर रहे हैं। दिल्ली हाई कोर्ट से स्थानांतरित होकर आए जस्टिस यशवंत वर्मा के न्यायिक कार्य पर अभी रोक लगी हुई है।

READ ALSO  प्रदूषण की चिंता के बीच सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में पटाखों पर सख्त प्रतिबंध बरकरार रखा

मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना की अध्यक्षता वाले सुप्रीम कोर्ट कोलेजियम ने इस महीने के पहले सप्ताह में आठ जिला जजों को इलाहाबाद हाई कोर्ट में न्यायाधीश बनाए जाने की संस्तुति की थी। इसके तहत विधि एवं न्याय मंत्रालय ने बुधवार को छह नामों पर नियुक्ति की अधिसूचना जारी की थी।

फिलहाल दो जिला जजों—तेज प्रताप तिवारी (गोरखपुर) और अब्दुल शाहिद (प्रतापगढ़)—के नामों को अभी मंजूरी नहीं मिल सकी है। इसके अलावा दो अधिवक्ताओं—अमिताभ कुमार राय (लखनऊ) और राजीव लोचन शुक्ला (प्रयागराज)—को न्यायाधीश बनाए जाने की संस्तुति मार्च के अंत में कोलेजियम ने की थी, लेकिन केंद्र सरकार ने अभी तक इन नामों पर अपनी स्वीकृति नहीं दी है।

READ ALSO  अधिवक्ता परिषद अवध प्रांत कि कार्यकारिणी घोषित

वैसे भी, यदि इन सभी नामों को मंजूरी मिल भी जाती है, तब भी इलाहाबाद हाई कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या स्वीकृत पदों से काफी कम ही बनी रहेगी।

Law Trend
Law Trendhttps://lawtrend.in/
Legal News Website Providing Latest Judgments of Supreme Court and High Court

Related Articles

Latest Articles