सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को दावा रहित वित्तीय संपत्तियों की पहचान और उनकी वसूली के लिए केंद्रीयकृत डेटाबेस बनाने की मांग वाली याचिका का निस्तारण कर दिया। कोर्ट ने कहा कि संबंधित अधिकारियों द्वारा उठाए गए कदमों से याचिका में उठाई गई प्रमुख चिंताओं का काफी हद तक समाधान हो गया है।
जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस आर महादेवन की पीठ ने जनहित से जुड़े इस मुद्दे को उठाने और मृत खाताधारकों की वित्तीय संपत्तियों को प्राप्त करने में आम नागरिकों के सामने आने वाली कठिनाइयों को उजागर करने के लिए पत्रकार सुचेता दलाल के प्रयासों की सराहना की।
कोर्ट ने कहा कि यह याचिका किसी व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि असंख्य जमाकर्ताओं, निवेशकों और उनके वैध दावेदारों के वित्तीय हितों की रक्षा के उद्देश्य से दायर की गई थी।
पीठ ने संबंधित अधिकारियों द्वारा हलफनामों में दिए गए बयानों और आश्वासनों को रिकॉर्ड पर लेते हुए उम्मीद जताई कि वे दावा रहित वित्तीय संपत्तियों की पहचान और वसूली की व्यवस्था को अधिक सुलभ, प्रभावी और पारदर्शी बनाने के प्रयास जारी रखेंगे।
कोर्ट ने कहा कि पहले से उठाए गए नियामकीय कदमों की निगरानी के लिए याचिका को लंबित रखने का कोई औचित्य नहीं है। हालांकि, दावा रहित वित्तीय संपत्तियों से संबंधित किसी विशेष शिकायत के लिए व्यक्ति कानून के अनुसार सक्षम प्राधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
वैध हकदारों को लौटाए गए 6,453 करोड़ रुपये
17 नवंबर को सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि बैंकों, डाकघरों, म्यूचुअल फंड और बीमा कंपनियों में जमा दावा रहित धनराशि मृत व्यक्तियों के कानूनी वारिसों को उपलब्ध कराने के लिए पारदर्शी व्यवस्था बनाई गई है।
केंद्र सरकार और कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय की ओर से पेश एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एन वेंकटरमन ने बताया था कि मार्च 2026 तक तीन लाख से अधिक दावों पर कार्रवाई की जा चुकी थी और केवल 10 प्रतिशत दावे लंबित थे।
उन्होंने यह भी बताया था कि 18 अप्रैल तक 6,453 करोड़ रुपये की दावा रहित वित्तीय संपत्तियां उनके वैध हकदारों को लौटाई जा चुकी थीं।
पीठ ने कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI), भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) तथा याचिकाकर्ता से लिखित दलीलें दाखिल करने को कहते हुए फैसला सुरक्षित रख लिया था।
केंद्रीयकृत डेटाबेस बनाने की थी मांग
याचिकाकर्ता की ओर से पेश अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने बताया था कि याचिका मुख्य रूप से चार श्रेणियों की वित्तीय संपत्तियों से संबंधित थी, जिनमें बैंक जमा, प्रतिभूतियां, बीमा पॉलिसियां और भविष्य निधि खाते शामिल हैं।
याचिका में ऐसी सरल प्रक्रिया विकसित करने की मांग की गई थी, जिससे कानूनी वारिस अनावश्यक मुकदमेबाजी के बिना दावा रहित वित्तीय संपत्तियां प्राप्त कर सकें।
इसके अलावा, RBI के नियंत्रण में एक केंद्रीयकृत ऑनलाइन डेटाबेस बनाने की मांग की गई थी, जिसमें मृत खाताधारकों के नाम, पते और अंतिम लेनदेन की तारीख जैसी जानकारियां उपलब्ध हों।
सुप्रीम कोर्ट ने इस मुद्दे के सार्वजनिक महत्व को स्वीकार करते हुए याचिका का निस्तारण कर दिया।
