कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास ने ब्रिटेन जाने से रोके जाने के खिलाफ बुधवार, 25 नवंबर को दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया। दास को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में एक पैनल चर्चा सहित कई शैक्षणिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेना था।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव सांबरे और जस्टिस संजय शर्मा की खंडपीठ के समक्ष दास के वकील ने याचिका पर तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया। पीठ ने मामले को गुरुवार, 26 नवंबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने पर सहमति जताई।
सुनवाई के दौरान दास के वकील ने बताया कि उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया। इस दौरान उन्हें विदेश यात्रा पर रोक लगाने वाला कोई आदेश या लुक आउट सर्कुलर (LOC) भी नहीं दिखाया गया।
वकील ने अदालत से तत्काल सुनवाई का अनुरोध करते हुए कहा कि यदि मामले पर जल्द विचार किया जाता है, तो दास 27 नवंबर तक ब्रिटेन पहुंचकर निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल हो सकते हैं।
अगली फ्लाइट गुरुवार को होने की जानकारी मिलने पर पीठ ने उसी दिन याचिका पर सुनवाई करने की बात कही।
दास को ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और एडिनबरा सहित ब्रिटेन के कई प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में कॉकरोच आंदोलन पर आयोजित चर्चाओं में हिस्सा लेना था।
सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कई पोस्ट में दास ने आरोप लगाया था कि इमिग्रेशन अधिकारियों ने उनके पासपोर्ट को फ्लैग कर रखा था और उन्हें लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया।
उन्होंने बताया कि ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन ने उन्हें एक पैनल चर्चा के लिए आमंत्रित किया था और भारतीय छात्रों ने इन कार्यक्रमों के आयोजन के लिए काफी तैयारियां की थीं।
दास ने यात्रा पर रोक को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि सरकार उन्हें अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थानों में बौद्धिक चर्चाओं में हिस्सा लेने से रोक रही है।
हाईकोर्ट गुरुवार को उनकी याचिका पर सुनवाई करेगा। फिलहाल दास को विदेश जाने से रोके जाने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।
