दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने से हुई छह लोगों की मौत और कई अन्य के घायल होने के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने सोमवार को तत्काल सुनवाई की अनुमति दे दी है। इस संबंध में दायर जनहित याचिका को आज ही अदालत के समक्ष सूचीबद्ध किया जाएगा।
चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस कारिया की खंडपीठ के सामने एक अधिवक्ता ने मामले का विशेष उल्लेख करते हुए फौरन सुनवाई की मांग की। अदालत ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए याचिका को सोमवार को ही सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने की मंजूरी दे दी।
छात्रों के दबे होने की आशंका
हाईकोर्ट के समक्ष वकील ने अपनी बात रखते हुए बताया कि रविवार को सत्य निकेतन इलाके में अचानक दो इमारतें ढह गईं। उन्होंने अदालत को यह भी जानकारी दी कि मलबे के नीचे लगभग 30 छात्रों के दबे होने की आशंका है।
मरम्मत कार्य के दौरान हुआ हादसा
दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास स्थित इस इमारत में छात्रों के लिए पेइंग गेस्ट (पीजी) हॉस्टल संचालित किया जा रहा था। रविवार को इस परिसर में मरम्मत का काम चल रहा था, जिस दौरान यह दर्दनाक हादसा पेश आया।

