सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को निर्देश दिया कि खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग के सामने वाले हिस्से पर कुल शुगर (Total Sugars), सैचुरेटेड फैट (Saturated Fat) और नमक की अधिक मात्रा को लेकर अलग-अलग चेतावनी दी जाए।
जस्टिस जे बी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की पीठ ने निर्देश दिया कि खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग पर फैट, शुगर और नमक के लिए एक संयुक्त षट्कोणीय चिह्न के बजाय तीन अलग-अलग षट्कोणीय चेतावनी चिह्नों का इस्तेमाल किया जाए।
कोर्ट ने कहा कि प्रत्येक चिह्न में संबंधित पोषक तत्व का मानकीकृत चित्र और उसके साथ हाई फैट (High Fat), हाई शुगर (High Sugar) या हाई सॉल्ट (High Salt) लिखा होना चाहिए।
पीठ ने FSSAI को निर्देश दिया कि पोषण संबंधी चेतावनी निर्धारित करते समय एडेड शुगर और एडेड फैट के बजाय कुल शुगर और सैचुरेटेड फैट को आधार बनाया जाए।
कोर्ट ने कहा कि यह व्यवस्था भारतीयों के लिए जारी आहार संबंधी दिशानिर्देश, 2024 (DGI) से पहले FSSAI की अपनी लंबे समय से चली आ रही सहमति के अनुरूप होनी चाहिए।
फ्रंट ऑफ पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग (FoPNL) के तहत खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग के सामने चित्रों के माध्यम से पोषण संबंधी जानकारी दी जाती है। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को खाद्य उत्पाद खरीदते समय जानकारी के आधार पर निर्णय लेने और स्वस्थ आहार चुनने में मदद करना है।
