सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें इतालवी राजनेता जियाकोमो फिलिबेक के कथित तौर पर ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाने वाले वीडियो सोशल मीडिया से हटाने की मांग की गई थी। फिलिबेक ने 13 और 14 नवंबर को हैदराबाद में आयोजित भारत समिट में यह नारा कथित तौर पर लगाया था।
जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने याचिकाकर्ता के उस अनुरोध को भी स्वीकार नहीं किया, जिसमें संबंधित अधिकारियों को याचिका पर बतौर प्रतिवेदन विचार करने का निर्देश देने की मांग की गई थी।
पीठ ने कहा कि याचिकाकर्ता स्वयं संबंधित अधिकारियों को प्रतिवेदन देने के लिए स्वतंत्र है और इसके लिए अदालत के किसी निर्देश की आवश्यकता नहीं है।
क्या है पूरा विवाद?
पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स (PES) के महासचिव फिलिबेक ने भारत समिट में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के स्वच्छ और पारदर्शी मतदाता सूची के अभियान की सराहना की थी। उनके संबोधन के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था।
फिलिबेक ने अपने संबोधन में एक व्यक्ति, एक वोट के लोकतांत्रिक सिद्धांत का उल्लेख करते हुए इस महीने की शुरुआत में रामलीला मैदान तक विपक्ष के मार्च का भी जिक्र किया था।
उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा में नागरिकों की भूमिका और आधुनिक भारत की लोकतांत्रिक नींव रखने में कांग्रेस के योगदान का उल्लेख किया था। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाया था।
यह नारा चुनावी अनियमितताओं के आरोपों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्ष के अभियान का हिस्सा रहा है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विभिन्न राज्यों में चुनावी गड़बड़ियों के अपने आरोपों के समर्थन में कई प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुके हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से वीडियो हटाने का कोई निर्देश दिए बिना याचिका खारिज कर दी।
