गौहाटी हाईकोर्ट ने एक महिला को विदेशी घोषित करने वाले एकपक्षीय आदेश को रद्द करते हुए उसकी जेल से रिहाई के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा कि महिला को कार्यवाही का नोटिस फॉरेनर्स (ट्रिब्यूनल्स) ऑर्डर, 1964 के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नहीं दिया गया था।
जस्टिस कल्याण राय सुराना और जस्टिस सुस्मिता फुकन खाउंड की खंडपीठ ने 5 नवंबर के अपने आदेश में कहा कि संबंधित व्यक्ति के अंतिम निवास स्थान के बजाय स्कूल की दीवार पर नोटिस चस्पा करना निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का उल्लंघन है।
कोर्ट बेगम उर्फ बेगम नेसा उर्फ बेगम खातून की दो याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा था। इनमें गोलपाड़ा के दो अलग-अलग फॉरेनर्स ट्रिब्यूनलों के वर्ष 2017 और 2023 के आदेशों को चुनौती दी गई थी, जिनमें महिला को 25 मार्च 1971 के बाद भारत आई विदेशी नागरिक घोषित किया गया था।
नोटिस देने की प्रक्रिया में खामियां
बेगम को 2 नवंबर 2025 को गिरफ्तार कर गोलपाड़ा जिला जेल में रखा गया था। उनका कहना था कि उन्हें मूल कार्यवाही का कोई नोटिस नहीं मिला था। गिरफ्तारी के बाद ही उनके परिवार को वर्ष 2017 के आदेश की जानकारी मिली।
ट्रिब्यूनल के रिकॉर्ड की जांच के दौरान हाईकोर्ट ने नोटिस की तामील में कई खामियां पाईं।
राज्य सरकार ने दलील दी कि 8 नवंबर 2016 को जारी प्रारंभिक नोटिस महिला के पति को दिया गया था। हालांकि, तामील रिपोर्ट में इसकी तारीख का उल्लेख नहीं था। कोर्ट ने रिपोर्ट वापस किए जाने और ट्रिब्यूनल द्वारा उसे प्राप्त करने की दर्ज तारीखों में भी विसंगति पाई।
नोटिस की तामील नहीं होने पर 25 जुलाई 2017 को नए समन जारी किए गए। इसकी तामील रिपोर्ट से पता चला कि नोटिस कालाडांगा चार स्थित एक स्कूल की दीवार पर चस्पा किया गया था।
खंडपीठ ने कहा कि यह प्रक्रिया फॉरेनर्स (ट्रिब्यूनल्स) ऑर्डर, 1964 के पैराग्राफ 3(5)(f) के विपरीत थी, जिसके तहत संबंधित व्यक्ति के अंतिम निवास स्थान पर नोटिस की तामील आवश्यक है।
इसके आधार पर कोर्ट ने 7 सितंबर 2017 के एकपक्षीय आदेश को कानूनी रूप से अस्थिर पाया।
ट्रिब्यूनल के कामकाज में प्रक्रियागत खामियां
हाईकोर्ट ने यह भी पाया कि कार्यवाही के दौरान पारित कई आदेशों पर ट्रिब्यूनल के सदस्य के हस्ताक्षर नहीं थे। बाद के कुछ आदेशों में हस्ताक्षर के नीचे आधिकारिक मुहर भी नहीं लगी थी।
खंडपीठ ने कहा कि ये खामियां ट्रिब्यूनल के कामकाज में लापरवाही को दर्शाती हैं।
फॉरेनर्स ट्रिब्यूनल की कार्यवाही पर लागू होगा रेस जुडिकाटा का सिद्धांत
गोलपाड़ा के फॉरेनर्स ट्रिब्यूनल संख्या 4 द्वारा 31 अक्टूबर 2023 को पारित दूसरे आदेश के संबंध में याचिकाकर्ता ने दलील दी कि बाद की कार्यवाही रेस जुडिकाटा के सिद्धांत के तहत वर्जित थी।
हाईकोर्ट ने कहा कि फॉरेनर्स ट्रिब्यूनल के आदेश अर्ध-न्यायिक प्रकृति के होते हैं और उनकी कार्यवाही पर रेस जुडिकाटा का सिद्धांत लागू होता है। इस सिद्धांत के तहत पहले से तय विवाद पर दोबारा कार्यवाही नहीं की जा सकती।
हालांकि, खंडपीठ ने कहा कि यह निर्धारित करना आवश्यक है कि दोनों कार्यवाहियां एक ही व्यक्ति के खिलाफ शुरू की गई थीं या नहीं।
यदि दोनों मामले याचिकाकर्ता से संबंधित पाए जाते हैं, तो विरोधाभासी आदेशों से बचने के लिए दूसरी कार्यवाही को ट्रिब्यूनल संख्या 8 में स्थानांतरित किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में बाद की कार्यवाही पर रेस जुडिकाटा का सिद्धांत लागू होगा।
यदि दोनों कार्यवाहियां अलग-अलग व्यक्तियों से संबंधित पाई जाती हैं, तो ट्रिब्यूनल वर्ष 2023 के आदेश में सुधार कर सकता है। इसके बाद याचिकाकर्ता उसे नए सिरे से हाईकोर्ट में चुनौती दे सकती है।
हाईकोर्ट ने वर्ष 2023 के आदेश के गुण-दोष पर विचार नहीं किया।
महिला की रिहाई और नए सिरे से सुनवाई के निर्देश
हाईकोर्ट ने वर्ष 2017 के आदेश को रद्द करते हुए मामला वापस गोलपाड़ा के फॉरेनर्स ट्रिब्यूनल संख्या 8 को भेज दिया। महिला को लिखित बयान दाखिल करने और साक्ष्य प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है।
कोर्ट ने निर्देश दिया कि ट्रिब्यूनल का नया निर्णय आने तक महिला को अवैध विदेशी नागरिक नहीं माना जाएगा।
गोलपाड़ा के पुलिस अधीक्षक (सीमा) को महिला के परिवार के किसी सदस्य से फैसले की प्रमाणित प्रति प्राप्त होने के तीन दिनों के भीतर उसकी रिहाई के लिए कदम उठाने का निर्देश दिया गया है।
कोर्ट ने महिला को पासपोर्ट अधिनियम, 1920 और विदेशी अधिनियम, 1946 के तहत वर्ष 2022 में दर्ज एक अलग मामले में जमानत के लिए आवेदन करने की अनुमति भी दी।
महिला को 4 दिसंबर 2026 तक ट्रिब्यूनल संख्या 8 के समक्ष उपस्थित होने और निर्धारित शर्तों के अनुसार जमानत देने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। ट्रिब्यूनल से मिलने वाली जमानत उसके नए निर्णय की तारीख से 30 दिनों तक प्रभावी रहेगी।
